मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शाहपुर थाना क्षेत्र के निर्माणी गांव निवासी सचिन ने अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को रोक लिया और किसी बड़ी घटना को होने से बचा लिया। सचिन का आरोप है कि वह अपने गांव में सहायक पंचायत पद पर कार्यरत है। उसका कहना है कि गांव के दो लोगों ने पांच दिन पहले उसके साथ मारपीट की थी, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।