मुजफ्फरनगर। भोपा थाना पुलिस ने क्षेत्र शाहदरा बांगर में दो दिन पहले हुए अक्षय हत्याकांड का खुलासा कर किया है। एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी का नाबालिग पुत्र के अलावा भतीजा भी शामिल है। युवक की हत्या मुख्य आरोपी ने पत्नी को लेकर बेटे के साथ अमर्यादित टिप्पणी करने व गाली देने से क्षुब्ध होकर की। घटना वाले दिन भी आरोपी ने नाबालिग के साथ गाली गलौज की थी। एसपी देहात आदित्य बंसल ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि 23 मार्च की शाम को अक्षय की हत्या गांव में गोली मारकर व धारदार हथियारों से हमला कर की गई थी। उसी दौरान गांव के लोगों ने बताया था कि युवक की हत्या मृतक के परिवार के ही गांव में रहने वाले पारिवारिक भाई मनोज ने अपने भतीजे भरत व नाबालिग बेटे के साथ मिलकर की थी। इसके बाद तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तीनों आरोपियों को जौली गांव से बिलायत नगर जाने वाले मार्ग से पकड़ा गया। उनसे हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा, छुरी व दराती बरामद की। एसपी देहात ने बताया कि गिरफ्तार मनोज की पत्नी के साथ अक्षय के अवैध संबंध थे। उसकी पत्नी ने छह माह पहले जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। गिरफ्तार मुख्य आरोपी इस घटना के बाद से मृतक युवक के साथ रंजिश मानने लगा था। महिला की मौत के बाद युवक दिल्ली नौकरी करने चला गया था। आरोपी युवक घटना से एक दिन पहले ही घर आया था। योजना बनाकर की हत्या - एसपी देहात ने बताया कि मुख्य आरोपी का कहना था कि अक्षय उसके नाबालिग पुत्र को लगातार ताना मारकर प्रताड़ित करता था। घटना वाले दिन उसका पुत्र खेत में चारा काट रहा था उसी समय अक्षय ने उसे गालियां देते हुए अमर्यादित टिप्पणी की।