जामा मस्जिद के पास हमसफर मैरिज हॉल की इंतजामिया कमेटी के विरोध में दुकानदार धरना प्रदर्शन पर बैठ गए। इस मैरिज हॉल पर नगर निगम का 7.38 लाख रुपये बकाया है। इस बकाये को जमा कराने के लिए निगम ने हॉल के परिसर में आने वाली दुकानों को सील कर दिया है, जबकि मैरिज हॉल खुला है। वहीं दुकानें सील होने से व्यापारी परेशान हो गए हैं। उनका कहना है कि वह नियमित किराया जमा कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें बीच में पिसना पड़ रहा है। मैरिज हॉल की इंतजामिया कमेटी जब किराया ले रही है तो नगर निगम को संपत्ति कर क्यों नहीं दे रही। उन्होंने आरोप लगाया कि 29 मार्च से उनकी दुकानें बंद पड़ी हैं। व्यापार प्रभावित होने से घर के खर्चे चलाने में परेशानी होने लगी है। इन दुकानों में किराना की दुकान से लेकर डेंटल क्लीनिक भी संचालित है। दुकान संचालकों ने आरोप लगाया कि वह कई बार कमेटी के पदाधिकारियों से मिलने की कोशिश कर चुके हैं लेकिन कोई मदद नहीं मिल रही। व्यापारियों ने कहा कि यही स्थिति रही तो वह नगर निगम कार्यालय जाकर इस मामले में निगम के अधिकारियों और महापौर से शिकायत करेंगे। स्थानीय पार्षद को उन्होंने समस्या बताई लेकिन कोई हल नहीं निकला।