पीतलनगरी को स्मार्ट बनाने वाली पब्लिक बाइक शेयरिंग योजना अब धूल फांक रही है। शहर के फुटपाथ और पटरियों पर बनाए गए डॉकिंग स्टेशन इसकी गवाही दे रहे हैं। रविवार को अमर उजाला की पड़ताल में कई प्रमुख स्टेशन पूरी तरह से वीरान नजर आए। यहां एक भी साइकिल नहीं थी, जबकि कई स्टेशनों पर साइकिलें टूटी या धूल के गुबार में डूबी हुईं मिली। इतना ही नहीं बल्कि कई साइकिलों के पहियों में हवा तक नहीं थी। स्मार्ट सिटी योजना के तहत करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से शहर में 35 स्थानों पर ई-बाइक शेयरिंग सेवा शुरू की गई थी। योजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिसंबर 2022 को अपने मुरादाबाद के दौरे पर किया था।