सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 77.51 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों में पंजीकृत 24768 अभ्यर्थियों में से 19198 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र आसान था, इसलिए हल करने में परेशानी नहीं हुई। शहर के सभी 28 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को दूसरे दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। सुबह दस से 12 बजे की पहली पाली में पंजीकृत 12384 अभ्यर्थियों में से 9527 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए आए। 2857 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक की दूसरी पाली में 12384 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। 9671 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 2713 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। अभ्यर्थियों ने बताया कि बेसिक स्तर के ही प्रश्न पूछे गए थे। हिंदी व रीजनिंग के प्रश्न सरल थे।