नाैकरी औैर लोन दिलाने के नाम पर बेरोजगारों के दस्तावेजों के सहारे दो मोबाइल नंबर पर देशभर में 144 फर्जी फर्म बनाकर करीब 400 करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में एसआईटी ने मास्टर माइंड इखलाक और उसके सहयोगी इत्तेहात आलम उर्फ दानिश कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, आठ एटीएम कार्ड, एक पॉलिसी बाजार कार्ड और तीन आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। वहीं आरोपी की डायरी में 535 फर्मों का विवरण मिला है। साथ ही मास्टर माइंड के बैंक खाते की जानकारी भी मिली है। इस मामले में एसआईटी को गिरोह के सरगना समेत छह अन्य सदस्यों की तलाश है। मुरादाबाद पुलिस लाइन में शनिवार को एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार और सीओ वरुण सिंह ने राज्य कर अधिकारियों के साथ करोड़ों की जीएसटी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लोहे लदे दो ट्रक पकड़े जाने के बाद राज्य कर के अधिकारी की तहरीर पर एके इंटरप्राइजेज और सौरभ इंटरप्राइजेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद एसएसपी की ओर से गठित एसआईटी ने जांच शुरू कर दी। छानबीन में पता चला कि फर्मों में पंजीकृत दो मोबाइल नंबरों पर 144 फर्में पंजीकृत थीं।