प्रयागराज में मंगलवार की रात संगम नोज के पास हुई भगदड़ के बाद मिर्जापुर से प्रयागराज जाने वाले मार्गों की सतर्कता बढ़ा दी गई। कई जगहों पर प्रयागराज जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है। मध्य प्रदेश से आने वाले वाहनों को ड्रमंड गंज के पास रोक दिया गया जबकि मिर्जापुर से प्रयागराज की ओर जाने वाले वाहनों को जिगना के पास रोक दिया गया है। इसी तरह कई ट्रेनों को भी रोका गया। भगदड़ को लेकर हुई स्थिति के बाद मजिस्ट्रेट को भी रात में मौके पर भेजा गया। एडीएम शिव प्रताप शुक्ला, एसडीएम सदर गुलाब चंद्र व अन्य मजिस्ट्रेट जिगना वाले मार्ग पर निगरानी करते रहे। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और ड्यूटी में लगे अन्य अधिकारियों को भी रात में ही मौके पर भेजा गया। जिले में इसको लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। वाहनों को प्रयागराज जाने वाले मार्गो से डायवर्ट किया जा रहा है।