कौमी एकता सप्ताह के तहत बृहस्पतिवार को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जुलूस निकाला गया। जो मदरसा अरबिया से शुरू होकर जिला मुख्यालय पर संपन्न हुआ। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि एकता में बहुत शक्ति होती है, हम एक होकर ही समाज और देश को आगे ले जा सकते हैं। छात्रों का जुलूस मदरसा अरबिया से शुरू होकर घंटाघर, खजांची का चौराहा, संकट मोचन, जिला अस्पताल होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा। जिलाधिकारी ने बच्चों के हाथों में ली गई तख्ती पर लिखे स्लोगन की सराहना की। कहा कि यदि इन सभी नारों का अनुसरण कर लिया जाए तो हमें किसी और की आवश्यकता ही नहीं रह जाती। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामदत्त प्रजापति ने कहा कि कौमी एकता के माध्यम से ही देश को प्रगति के पथ पर ले जाया जा सकता है। भाईचारा बढ़ाने के लिए सभी को एक मंच पर आना होगा। मदरसा अरबिया के पूर्व प्रधानाचार्य व शहर काजी मौलाना नजम अली ने धन्यवाद दिया। मदरसा अरबिया सुहैलिया के प्रधानाचार्य मौलाना अब्दुल्लाह, तबस्सुम वकार, अरशद अली अन्य थे।