जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धन्यवाद जुलूस निकाला। जुलूस मिशन कंपाउंड से अस्पताल चौराहा, कचहरी परिसर होते हुए जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर संपन्न हुआ। जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सड़क से लेकर सदन तक जाति जनगणना की मांग को उठाया। इस पर विवश होकर केंद्र सरकार को जाति जनगणना की मांग पर झुकना पड़ा और जाति जनगणना कराने का निर्णय लेना पड़ा। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजन पाठक ने कहा कि आने वाले समय में जातिगत जनगणना के माध्यम से वंचितों और पिछड़ों को उनके अधिकार मिलेंगे। शिव शंकर चौबे व मीडिया प्रभारी छोटे खान ने कहा कि लोकसभा के विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लगातार जातिगत जनगणना के लिए आवाज उठाने का काम किया है। जुलूस में गुलाबचंद पांडेय, तुलसीदास गुप्ता, राजधर दुबे, शबनम अंसारी, राजेश मिश्रा, रामलखन मास्टर, कपिल सोनकर आदि रहे।