दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मां विंध्यवासिनी का विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। देश-प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। वह दोपहर 1:40 बजे त्रिशक्ति मार्ग से द्वार संख्या एक पर पहुंचीं। वहां पर भाजपा के नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने उन्हें अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया। भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने भी रेखा गुप्ता का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कुछ देर होटल में रुकने के बाद रेखा गुप्ता और उनके पति मनीष गुप्ता पूजन सामग्री के साथ गर्भगृह पहुंचे। दोनों ने विधिवत मां विंध्यवासिनी का चरण पूजन किया। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में अपने पति को माला पहनाई और मां विंध्यवासिनी से आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद वह विंध्य कॉरिडोर होते हुए फिर से द्वार संख्या एक पर पहुंचीं। यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से उनके दर्शन का सौभाग्य मिला। मैंने मां विंध्यवासिनी से प्रार्थना की कि देश-प्रदेश की जनता खुशहाल रहे।