मेरठ के सेंट्रल मार्केट सेक्टर-2 में चिलचिलाती गर्मी के बावजूद महिलाओं का धरना लगातार जारी है। एक दिन पहले महिलाओं ने भाजपा जनप्रतिनिधियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया था, जिसकी समय सीमा मंगलवार शाम को समाप्त होने वाली है। धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि मंगलवार रात बैठक के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर बड़ा कदम उठाया जा सकता है। इधर पूरे मार्केट में यह अफवाह फैल गई कि आवास विकास परिषद द्वारा दुकानों पर नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। इस खबर से व्यापारियों और धरनास्थल पर मौजूद महिलाओं के बीच खलबली मच गई। वहीं यह भी चर्चा है कि धरने में शामिल महिलाओं और उनके व्यापारी पतियों के खिलाफ पुलिस की ओर से भी नोटिस भेजे जा सकते हैं, ताकि धरना समाप्त कराया जा सके। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।