मेरठ। मवाना के ग्राम बहोड़पुर में पति अब्दुल से फोन पर हुई मामूली कहासुनी के बाद 26 वर्षीय गर्भवती महिला मुस्कान संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गई, आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। झुलसी महिला की सास वकीला ने बताया कि अब्दुल दिल्ली में हेयर ड्रेसर का काम करता है, रविवार सुबह 10 बजे के आस पास मुस्कान फोन पर बेटे अब्दुल से बातचीत कर रही थी,दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोंकझोंक हुई थी। उसके बाद मुस्कान ने कमरे में जाकर आग लगा ली कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें आई, कमरे में जाकर देखा तो मुस्कान आग की लपटों में घिरी हुई थी, कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। मुस्कान तीन महीने की गर्भवती है और उसकी तीन साल की एक बेटी भी है।