शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद चल रही सीलिंग कार्रवाई के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। आवास विकास परिषद की टीम जब प्रतिष्ठानों को सील करने पहुंची तो व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने टीम का घेराव कर दिया और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर व्यापारी नेता जीतू नागपाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और नीरज मित्तल समेत कई व्यापारी मौजूद रहे। साहिल प्लाजा को सील किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने आवास विकास परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान धरने पर बैठे एक व्यापारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उसे एंबुलेंस मंगवाकर अस्पताल भिजवाया गया।