मेरठ के दौराला में मिलावटी शराब से तीन मौतों के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अलीगढ़ कांड के बाद भी नहीं चेता तंत्र, अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई को लेकर उठे सवाल। मेरठ के दौराला क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवनीश पांडे शुक्रवार को मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर रुककर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचते ही उस स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया जहां कथित रूप से शराब का सेवन किया गया था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई और पुलिस, आबकारी विभाग तथा स्थानीय प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी जानने की कोशिश की कि शराब कहां से लाई गई, किन परिस्थितियों में उसका सेवन किया गया और इस पूरे मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई।