मेरठ के सर्राफा बाजार स्थित महादेव मंदिर में बृहस्पतिवार को भगवान श्रीकृष्ण की छठी उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 11 किलोग्राम के चांदी के पालने में लड्डू गोपाल जी और राधा-कृष्ण जी को विराजमान कराया गया। उन्हें प्रिय माखन-मिश्री के साथ छप्पनभोग अर्पित किया गया। भोग से पहले विधि-विधान से पूजन और महाआरती की गई। पूजन मुख्य पुजारी पंडित रविकांत जी ने कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं को कढ़ी-चावल के प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में गौरव शारदा, प्रिंस चौरसिया, अक्षय गर्ग, शुभम गुप्ता, आदित्य शारदा, अनूप राठी, निखिल शारदा, पारस रस्तौगी, सुमित अग्रवाल, दिव्यांशु अग्रवाल, शुभम वर्मा आदि का सहयोग रहा।