मेरठ की धर्मनगरी सरधना में चल रहे 25 समवशरणों के माध्यम से सिद्धों की महाआराधना का भव्य समापन शनिवार को पंच गजरथ रथयात्रा महोत्सव के साथ हुआ। यह आयोजन विद्योदय निलय, पाण्डुकशिला रोड से आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनि श्री 108 निश्चिंत सागर जी महाराज के सान्निध्य में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसपी देहात अभिजीत कुमार ने यात्रा का शुभारंभ किया। पंच गजरथ रथयात्रा पाण्डुक शिला रोड से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों गंज बाजार, बिनौली रोड, कबाड़ी बाजार, राम तलैया, चौक बाजार, गुजरात गेट, गांधी नगर आदि से होते हुए विद्योदय निलय परिसर में संपन्न हुई। नगर में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने रथों का अभिनंदन किया। यात्रा में झंडा, बैनर, घोड़े, पांच रथ, 25 बग्गियां, डीजे, ढोल पार्टी, झांकियां और आस्तिक म्यूजिकल पार्टी शामिल रही, जिसने उत्सव को भव्यता प्रदान की।