मोदीपुरम स्थित छठी वाहिनी पीएसी में 31वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को शुभारंभ हुआ। 18 मार्च से 21 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग की महिला व पुरुष स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कल्पना सक्सेना ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न जोनों की कुल 13 टीमें हिस्सा ले रही हैं। शुभारंभ से पूर्व आयोजित मार्च पास्ट में खिलाड़ियों ने अनुशासन और एकरूपता का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं पीएसी बैंड की धुन पर कदमताल ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान बॉक्सिंग के रोमांचक मुकाबले भी आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपने दमखम और तकनीक का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ओलंपियन सतीश यादव, वर्ल्ड चैंपियन विपिन कुमार समेत अन्य खिलाड़ियों ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को बढ़ावा देना है, साथ ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करना है।