मेरठ के सरधना क्षेत्र के ग्राम कपसाड़ में युवती के अपहरण के बाद महिला की हत्या को लेकर हुए बवाल के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। इस मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी युवक पारस सोम और काउंसलिंग के लिए मेडिकल कॉलेज स्थित आशा ज्योति केंद्र में भेजी गई युवती दोनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को काउंसलिंग के बाद युवती को परिजनों के साथ भेजे जाने की संभावना है। इसी को लेकर सुबह से ही मेडिकल कॉलेज में स्थित आशा ज्योति केंद्र पर पुलिस बल तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। दोपहर के समय क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन नवीन शुक्ला भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरत रहा है।