मेरठ के टीपी नगर थानाक्षेत्र में इस्लामनगर में सोमवार दोपहर टायर के गोदाम में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस्लामनगर निवासी सुल्तान(70) पुत्र मुख्तार ने पुलिस को बताया कि करीब 20 वर्षों से वह टायर गोदाम चला रहे हैं। गोदाम में पुराने टायरों पर रबड़ चढ़ाने का काम किया जाता है। गोदाम में रोजाना एक दर्जन कर्मचारी काम करते हैं। लेकिन सोमवार को ईद के चलते टायर गोदाम बंद था। पीड़ित के अनुसार दोपहर के समय अचानक गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। गोदाम के अंदर से उठते धुएं को देख लोगों ने मालिक को जानकारी दी। कुछ ही देर में आग की लपटे तेजी से आसमान को छूने लगी। स्थानीय लोगों ने पानी व मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मौके पर राहगीरों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई। आग लगने की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस घटनास्थल की तरफ दौड़ी। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक गोदाम में रखा माल काफी हद तक जल चुका था। गरीमत रही की गोदाम में रखे केमिकल ने आग नहीं पकड़ी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि कोई भी व्यक्ति आग में हताहत नहीं हुआ है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।