मुजफ्फरनगर। मीरापुर पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम की कुतुबपुर झाल के पास खंडहर में चोरी की योजना बना रहे आठ बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। छह बदमाशों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरोह बसों में यात्रियों को झांसे में लेकर बातों में उलझा कर सामान चोरी करता था। गिरोह के सरगना बिजनौर निवासी सर्राफ राकेश वर्मा की अभी पुलिस को तलाश है। एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस की दोनों टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग व गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुतुबपुर झाल के पास सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के निकट खंडहर में कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं। आशंका है कि वह किसी स्थान पर चोरी की योजना बना रहे हैं। दोनों टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में मेरठ के थाना लिसाडी गेट के आशियाना कॉलोनी निवासी आरिफ व हापुड़ के थाना पिलखुआ के कस्तला कासमाबाद निवासी साजिद पैर में गोली लगने से घायल हो गए।