मेरठ। उत्तर प्रदेश बोर्ड की वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। मेरठ जिले में सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कालेज सरधना की छात्रा अदीबा बुशरा ने हाईस्कूल में 95.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉपर रही, जबकि एएसएस इंटर कालेज मवाना की छात्रा वंशिका उपाध्याय ने इंटरमीडिएट में 93.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया।यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलीं। मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से प्रारंभ हुआ। मेरठ जिले का हाईस्कूल पास प्रतिशत 93.59 रहा, जबकि इंटरमीडिएट का पास प्रतिशत 84.02 प्रतिशत रहा।अदीबा व वंशिका की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने खुशी जताते हुए छात्राओं को बधाई दी है। दोनों छात्राओं ने कड़ी मेहनत और अनुशासन को सफलता का राज बताया। जिले के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं ने भी अच्छे अंक प्राप्त किए हैं।