मेरठ। दौराला के एनएच 58 पर दादरी से दौराला तक आठ किमी की दूरी में बुधवार दोपहर को राहगीरों की सांसें अटकी रही। नशे की हालत में एक चालक ने ट्रक को दौड़ा दिया और वाहनों में टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता गया। सूचना पर पुलिस ने पीछा किया और दौराला के पास घेराबंदी कर ट्रक को किसी तरह रुकवाकर चालक को पकड़ा। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि दोपहर के समय सूचना मिली कि दादरी की ओर से एक ट्रक आ रहा है, जो वाहनों में टक्कर मारता हुआ आंगे बढ़ रहा है। ट्रक चालक ने एक बोलेरो व एक कार में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया है। हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ। इस पर पुलिस सर्तक हो गई और दादरी, सकौती व नगली गेट पर खड़ी पीआरवी ने ट्रक का पीछा किया। आठ किमी तक चालक पुलिस को दौड़ता रहा। हाईवे पर चल रहे वाहन चालकों के साथ बड़ी घटना होने के डर से पुलिस की भी सांसें अटकी रही। दौराला पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर किसी तरह ट्रक को रुकवाया और चालक को हिरासत में लिया। पुलिस गाड़ी में बैठाने के दौरान भी चालक पुलिस के साथ धक्का मुक्की करता रहा। चालक नशे की हालत में था और कुछ भी बोल नहीं पा रहा था। पुलिस ने किसी तरह उसे गाड़ी में बैठाया और थाने ले आई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। लोगों का कहना है कि हाईवे पर चल रहे कई बाइक सवार ट्रक की चपेट में आने से बाल बाल बचे।