मेरठ। मवाना नगर में बस स्टैंड पुलिस चौकी के सामने वाली गली में स्थित बसंत वैली पब्लिक स्कूल में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कक्षा सात के 13 वर्षीय छात्र कुणाल शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के आधार पर मौत का कारण अचानक पड़ा दिल का दौरा (हार्ट अटैक) बताया है। देर शाम परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया। मोहल्ला काबिली गेट, फलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का 13 वर्षीय बेटा कुणाल शर्मा बसंत वैली पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद सभी बच्चे बाहर आ गए, लेकिन कुणाल अपने ई-रिक्शा में नहीं पहुंचा। लगभग 15 मिनट इंतजार करने के बाद ई-रिक्शा चालक उसे तलाशने स्कूल के अंदर गया। क्लास रूम में कुणाल के न मिलने पर अन्य बच्चों से पता चला कि वह वॉशरूम गया था। जब वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला और काफी खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं आया, तो एक छात्र ने ऊपर से झांककर देखा। कुणाल अंदर जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा था। दरवाजा खोलकर उसे तुरंत बाहर निकाला गया और परिजनों को सूचना दी गई। स्कूल स्टाफ उसे तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भी ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार मौत का कारण अचानक ह्रदय गति रुकना प्रतीत होता है। देर शाम सूचना मिलने पर सीओ पंकज लवानिया व थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी कुणाल के घर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने या शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद देर शाम गमगीन माहौल में कुणाल का 'बेरियो वाले शमशान घाट' में अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुणाल की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।