मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पॉइंट नंबर 276.4 पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे थार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। बीते 24 घंटे में एक्सप्रेसवे पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। बताया जाता है कि बिहार से लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम की मदद से घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।