मऊ के हलधरपुर थाना क्षेत्र के हलधरपुर बाजार में शनिवार की दोपहर बारह बजे तेज गति से मऊ से बलिया की ओर जा रहे ट्रेलर चालक ने मोड़ पर लापरवाही दिखाते हुए अचानक ब्रेक मार दिया। जिससे ट्रेलर का पिछला हिस्सा यानी ट्राला घूम कर पूरी सड़क के बीचोबीच आ गया और सामने से आ रहे दो बाइक उसकी जद में आ गए। हादसे में एक बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृत एक महिला गर्भवती है, जो अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मऊ आ रही थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बलिया जिले के चनवार निवासी बबिता (36) पत्नी शैलेष और फूलमती जो रिश्ते में मां-बेटी हैं। बबिता गर्भवती थी, जिसका जांच कराने को लेकर फूलमती शनिवार को भूपेंद्र (28) के साथ एक ही बाइक से अल्ट्रासाउंड कराने और डॉक्टर को दिखाने के लिए मऊ आ रही थी।