घोसी तहसील क्षेत्र के पिढ़वल गांव में हाईकोर्ट के आदेश का पालन करने पहुंची राजस्व टीम को शनिवार को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। पोखरी की जमीन पर बने पिलर को नहीं गिराया जा सका। केवल जमीन का सीमांकन कर जेसीबी लेकर राजस्व टीम लौट गई। ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी के सामने मामले को रखने की बात कही। नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा ने दोनों पक्षों की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता और सही तरीके से सीमांकन होना बताते हुए अगली निर्धारित तिथि पर उचित कार्यवाही करने का संकेत दिया। पिढ़वल गांव निवासी चानमती ने हाईकोर्ट में ग्रामसभा की पोखरे से अतिक्रमण हटाए जाने की जनहित याचिका दाखिल की थी। जिसके आदेश पर नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में राजस्व टीम शनिवार को गांव में पहुंची थी। सीमांकन शुरू करने पर आलोक कुमार रंजन के नेतृत्व में दलित समाज के लोग वहां पहुंच गए। पोखरी की गाटा संख्या 214 की भूमि के बजाय डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के चार पिलर की जमीन नापने का आरोप लगाकर विरोध करने लगे।