मऊ जिले में बदहाल विद्युत व्यवस्था और ट्रिपिंग के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली लगातार महंगी होती जा रही है। बिजली कटौती के कारण आम आदमी और किसान बेहद परेशान हैं। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में घंटों बिजली कटौती से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले में 10 से 12 घंटे तक बिजली की कटौती की जा रही है। जिसके चलते आम आदमी को अपने दैनिक जीवन में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कम बिजली मिलने से पेयजलापूर्ति व्यवस्था अपर असर पड़ रहा है। अगेती धान की नर्सरी तैयार हो गई है। लेकिन भरपूर बिजली न मिलने से खेती किसानी पर विपरीत असर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्राइवेट कंपनियों को बिजली बिल निकालने का ठेका दिए जाने से भी आम आदमी पर फर्जी बिजली बिलों का बोझ बढ़ गया है। प्राइवेट कंपनियों द्वारा घरों में जाकर मीटर रीडिंग लेने के बजाय मनमाने तरीके से लोगों की बढ़ी मीटर रीडिंग भरकर जो भ्रष्टाचार का खेल खुलेआम चल रहा रहा है। अधिकारी पूरी तरह मौन है। विरोध-प्रदर्शन में आप जिलाध्यक्ष विक्रमाजीत सिंह, अविनाश कुमार लाला, पुष्पेंद्र राणावत, ऋषिकेश पांडेय, आदिल, अवधेश मौर्या, करण कुमार आदि शामिल रहे।