मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में बुधवार को स्कूटी सवार युवक को ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। हाईवे थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने बताया कि मध्य प्रदेश के जोखाई निवासी राजू (40) महोली गांव के समीप किसी होटल में काम करते थे। बुधवार को वह स्कूटी से होटल जा रहे थे। अभी वह जयगुरुदेव मंदिर के पीछे पहुंचे थे कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजन को सूचना दी तो वह भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया।