मथुरा के बलदेव में विगत 10-12 दिनों से भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से गुस्साए किसानों, ग्रामीणों ने भाकियू अराजनैतिक के तत्वावधान में प्रदर्शन किया। बलदेव बिजलीघर पर जमकर नारेबाजी करते हुए तालाबंदी कर धरना दिया। मथुरा-सादाबाद रोड पर जाम लगा दिया। किसानों की बात सुनने दो घंटे तक कोई विद्युत अधिकारी नहीं आया। थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह व नायाब तहसीलदार साविका शर्मा ने काफी समझाया। जाम से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। किसान नेता उदयवीर सरपंच व मुकेश रावत ने कहा गांव दघेंटा में तीन दिन से बिजली नहीं है, कई बीमार हो गए हैं। मोहनपुर फीडर सहित एक दर्जन गांवों में अघोषित बिजली कटौती गंभीर समस्या बन गई हैं। विद्युत कटौती समस्या का समाधान नहीं होने पर बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन अनिश्चितकालीन चलेगा। धरना में अवधेश रावत, लालसिंह तोमर, सोवरन सिंह, विपिन सिकरवार प्रधान, धर्मेंद्र तोमर, छोटू चौधरी, सत्यवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, देवेंद्र गौतम आदि माैजूद रहे।