पलवल के हथीन थाना क्षेत्र में नकदी समेत 17 लाख की लूट के 24 घंटे बाद बावरिया गिरोह के बदमाशों ने मथुरा के टैंटीगांव में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की जांच में अहम सुराग हाथ लगे हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है। हरियाणा के जिला पलवल क्षेत्र के हथीन थाना प्रभारी नरेश ने बताया कि 22 अप्रैल की रात को उनके क्षेत्र में सन्नी के यहां वारदात हुई थी। बदमाश दो लाख रुपये की नकदी समेत 17 लाख रुपये के आभूषण लूट ले गए थे। इसके बाद 23 अप्रैल को टैंटीगांव में अजय अग्रवाल के यहां बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। 30 लाख का डाका डाला था। जांच में मथुरा पुलिस को यह सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने हथीन क्षेत्र में घटनास्थल के आसपास खंगाले सीसीटीवी फुटेज में बदमाश जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। मथुरा पुलिस के पास मौजूद साक्ष्यों के मिलान पर बदमाश बेनकाब हो गए। बदमाशों के तौर-तरीकों में समानता पाई गई है। इससे यह साफ हो गया कि एक ही गिरोह सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेशचंद्र रावत का कहना कि दोनों घटनाओं के मिलाने के बाद वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।