पांच माह पूर्व निलंबित हुईं सहायक शिक्षिका के वेतन बिल पर हस्ताक्षर नहीं करने पर प्रधानाचार्य सहित वरिष्ठ प्रवक्ता को प्रबंधक ने निलंबित कर दिया। निलंबन के पूर्व दोनों को न तो कारण बताओ नोटिस दिया गया और न ही कोई आरोप पत्र दिया। प्रधानाचार्य व वरिष्ठ प्रवक्ता के निलंबन को लेकर बच्चों ने विद्यालय परिसर में हंगामा कर दिया और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। गांव मगोर्रा में जनता विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रबंधक ने प्रधानाचार्य और भूगोल के वरिष्ठ प्रवक्ता को निलंबित कर दिया। बताया जाता है कि प्राधानाचार्य और प्रवक्ता द्वारा निलंबित शिक्षिका के वेतन बिल पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार और वरिष्ठ प्रवक्ता गोविंद त्रिपाठी को निलंबित करने से बच्चों में रोष व्याप्त हो गया। बृहस्पतिवार को बच्चों ने विद्यालय परिसर में दोनों की बहाली की मांग करते हुए हगांमा कर दिया और प्रबंधक के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सीओ अनिल कुमार सिंह का कहना है कि विद्यालय के प्रबंधक द्वारा प्रधानाचार्य और वरिष्ठ प्रवक्ता को निलंबित कर दिया है। दोनों की बहाली को लेकर बच्चों ने हंगामा किया है। बच्चों ने प्रबंधक के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।