पीएम किसान निधि की 21वीं किस्त के हस्तांतरण का सीधा प्रसारण बुधवार को सीआईआरजी मखदूम में किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी प्रो. एसपी सिंह बघेल ने किसानों को संबोधित किया। इस दौरान मंत्री ने महिला किसानों को सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए लाभकारी है। यह किसानों की खेती संबंधी मूलभूत आवश्यकताओं को पूर्ण करने में आर्थिक सहायता प्रदान करती है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संस्थान परिसर में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा गया। संस्थान के निदेशक डॉ. मनीष कुमार चेटली ने भारत सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सराहना की। कहा कि यह योजना कृषक समृद्धि एवं आर्थिक सशक्तिकरण में मील का पत्थर सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान पशुपालन, विशेषकर बकरी पालन कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। इस दौरान दीनदयाल धाम शोध केंद्र के निदेशक सोनपाल मौजूद रहे।