कुरुक्षेत्र में 108 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शामिल होने पहुंचे वृंदावन के पंडितों के साथ अभद्रता और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। इसे लेकर आज वृंदावन में प्रदर्शन किया गया। आरोप है कि आयोजन समिति द्वारा बुलाए गए लगभग 70 पंडितों के लिए खाने-पीने और रहने की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई थी। जब पंडितों ने इस अव्यवस्था का विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पंडित बिजेंद्र मिश्रा, विनय शुक्ला, सीताराम शास्त्री और जितेंद्र शास्त्री ने बताया कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित तो किया गया, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गईं। जब उन्होंने इसको लेकर सवाल उठाए, तो आयोजन समिति के सुरक्षा गार्डों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट तक की। वह लोग किसी तरह जान बचाकर लौटे हैं। पीड़ित पंडितों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।