दो अक्तूबर को वाराणसी से शुरू हुई सर्व सेवा संघ के तत्वाधान में “एक कदम गांधी के साथ” पदयात्रा ने रविवार को मथुरा में प्रवेश किया। पदयात्रा में शामिल लोग हाथ में गांधी, नेहरु, सरदार पटेल और भीमराव अम्बेडकर आदि के पोस्टर लेकर चल रहे थे। साथ ही हिन्दू राष्ट्र नहीं चलेगा, बुलडोलर राज नहीं चलेगा, संविधान से देश चलेगा आदि नारे भी लगा रहे थे। यात्रा का फरह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर, सांप्रदायिकता विरोधी समिति के जिला अध्यक्ष शिवदत्त चतुर्वेदी, जिला महामंत्री वैद्य मनोज गौड़ आदि कांग्रसियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर यात्रा संयोजक राम धीरज यादव ने कहा कि संविधान की रक्षा और हिंदुत्व के नाम पर फैलाई जा रही नफरत के वातावरण में यह यात्रा एक प्यार का संदेश लेकर के निकली है। ब्रज भूमि पूरे देश में शांति और सद्भावना का संदेश देती आई है। इस अवसर पर सर्व धर्म सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन पाल ने गांधी जी के प्रासंगिकता पर जोर दिया और कहा कि आज वास्तव में संविधान की मर्यादा को बचाए जाने की जरूरत है। मंत्री अरविंद अंजुम ने कहा कि आज भी देश के अंदर दलितों के ऊपर हमले होते हैं उनके परिवार सुरक्षित नहीं रहते उनके मान-सम्मान सुरक्षित नहीं रहते निर्दाेष नागरिक सताए जाते हैं और संविधान की अवहेलना की जाती है ऐसे माहौल में इस देश की एकता अखंडता के लिए संविधान की मर्यादा की रक्षा करने के लिए हमें “एक कदम गांधी के साथ” होना होगा। यात्रा का अगला पडाव बाद गांव में होगा। वहां से यह यात्रा अगले दिन औरंगाबाद के रास्ते मथुरा महानगर में प्रवेश करेगी। पदयात्रा में प्रियेश, गौरव, विवेक, नीरज, विकास, प्रवीण, विवेक, सौरभ, सचिन राहुल आदि मौजूद थे।