मथुरा के गोवर्धन चौराहे के निकट बदमाशों ने कूरियर के माध्यम से दिल्ली भेजे जा रहे करीब 85 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। कर्मचारी ने शोर मचाया तब तक लुटेरे बाइकों से भाग निकले। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। जानकारी के अनुसार शहर के सराफा व्यापारी ने करीब 85 लाख रुपये मूल्य के आभूषण दिल्ली भेजने के लिए गोवर्धन चौराहे से बस में पार्सल रखा था। इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर आभूषणों से भरा पार्सल पार कर दिया। घटना की जानकारी होने पर व्यापारी के कर्मचारियों में खलबली मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने बस चालक, परिचालक और संबंधित लोगों से पूछताछ की है। एसएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लूट में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।