उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार को भी जारी रही। बारिश के कारण पूरा शहर तालाब में तब्दील हो गया। शहर को कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं रहा जहां बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़ा हो। नेशनल हाईवे-19 पर आगरा-दिल्ली मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह से लेकर शाम तक करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। हाईवे थाना पुलिस जाम खुलवाने में पूरे दिन जुटी रही। बावजूद हाईवे पर वाहनों का इतना दबाव था कि जाम से लोगों को मुक्ति नहीं मिली। हाईवे पर जाम लगने के सबसे प्रमुख कारण जगह-जगह हुए जलभराव था। हाईवे की सर्विस रोड पर हुए जलभराव के कारण भी कई वाहन खराब हो गए। हाईवे पर जगह-जगह हुए जलभराव के कारण दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। इधर, शहर के नए और पुराने बस स्टैंड के नीचे पानी भरने के कारण कई वाहन उसमें फंसकर खराब हो गए। लोगों ने किसी तरह अपने वाहनों को पुल के नीचे हुए जलभराव से बाहर निकाला। पूरे शहर के विभिन्न मार्गों पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। पूरे दिन हुई बारिश के कारण अधिकांश लोग घरों के अंदर ही रहे। जबिक नौकरी पेशा लोगों किसी तरह ऑफिस पहुंचे। बारिश ने शहर के बाजार को भी प्रभावित किया। अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकान बंद रखी। जिन दुकानदारों ने दुकान खोली वह ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे। अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय ने बारिस लोगों से बारिश से बचने की सलाह दी है।