मथुरा के नंदगांव में बंटा वारी कुंज स्थित पुष्टिमार्गीय ठाकुर नवनीत प्रिया जी मंदिर में सोमवार की संध्या आरती के समय दीपावली पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। परंपरा के अनुसार इस अवसर पर मंदिर की महिला सेवायत द्वारा गौवंश की कान सुनवाई की गई। दीपों की पंक्तियों से जगमगाते मंदिर प्रांगण में गौवंश को विशेष रूप से सजाकर लाया गया और ठाकुर जी के प्रतिनिधि सेवायतों ने विधिवत गौपूजन कर गोवर्धन पूजा के लिए गौवंश को निमंत्रित किया। दीपावली के इस पावन अवसर पर भक्तों ने ठाकुर नवनीत प्रिया जी के दर्शन कर दीपदान और आरती की। संध्या काल में भक्ति संगीत और भजनों से मंदिर वातावरण भक्ति रस में डूब गया। सेवायत श्यामलाल शर्मा ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है कि दीपावली की रात ठाकुरजी स्वयं अपने सेवकों के साथ गौवंश की कान सुनवाई कर गोवर्धन पूजा की तैयारियों की शुरुआत करते हैं। सोमवार की रात ठाकुर नवनीत प्रिया जी चौसर की लीला का आनंद लेंगे, जो रात भर चलेगी। मंगलवार को मंदिर में भव्य गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों प्रकार के व्यंजन ठाकुर जी को भोग रूप में अर्पित किए जाएंगे।