मथुरा के विकासखंड फरह के गांव नगला राधा में बारिश के बाद हालात बद से बदतर हो गए हैं। गांव की गलियां और स्कूल जाने वाले रास्ते जलभराव की चपेट में हैं। कई स्थानों पर रास्ते तालाब में तब्दील हो गए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी मासूम स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। उन्हें रोजाना गंदे और फिसलन भरे पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। पानी की गहराई के बीच बच्चों का हर कदम हादसे के खतरे से भरा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में सामने आती है, लेकिन स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों के अनुसार कई बार समस्या की ओर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया गया, इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।