मथुरा। अंतर महाविद्यालयी वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता में बीएसए कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। सत्र 2026 की प्रतियोगिता का आयोजन एलआर कॉलेज, जसराना (शिकोहाबाद) में किया गया। बीएसए कॉलेज ने पहले मुकाबले में आरबीएस कॉलेज आगरा और दूसरे मैच में आगरा कॉलेज को हराया। इसके बाद खिताबी मुकाबले में सेंट जॉन्स कॉलेज को शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। टीम की ओर से अरुण दीक्षित, कृष्णकांत सहित सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा ने खिलाड़ियों और कोच सोनू ठाकुर को बधाई दी। कॉलेज में टीम की इस सफलता पर हर्ष का माहौल है।