मैनपुरी के इटावा मार्ग पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में छह साल की बच्ची गौरांशी मिश्रा की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब उसकी बड़ी बहन शुभी मिश्रा अपनी बहन को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रही थी। इटावा की ओर से आ रहे डंपर की चपेट में आने से दोनों बहने एक्टिवा समेत रोड पर गिर गईं, जिसमें डंपर का पिछला पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से होकर गुजर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बड़ी बहन सड़क पर गिरकर घायल हो गई। बच्ची की मौत के बाद बड़ी बहन ने उसके शव अपनी गोद में रख लिया और दहाड़े मार कर रोने लगी। घटना की सूचना पर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बच्ची की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। बच्ची की मां का रोना बंद ही नहीं हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम हो चुका है। परिजन अब बच्ची के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए हैं।