करहल। सोमवार को क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान ने कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम तथा बैंक परिसर में मौजूद अन्य सुरक्षा संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया। सीओ ने बैंक में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने बैंक परिसर में आने वाले ग्राहकों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बैंक में मौजूद ग्राहकों से भी सतर्क रहने की अपील की और कहा कि बैंक के अंदर अथवा बाहर किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी। सीओ ने कहा कि बैंक की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए समय-समय पर निरीक्षण अभियान चलाया जाता रहेगा, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।