महोबा। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार सुबह उस वक्त मातम छा गया, जब बैडमिंटन खेल रहे शहर के प्रतिष्ठित ठेकेदार सुधीर गुप्ता (58) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। खेल के दौरान अचानक सीने में दर्द उठा और वह कोर्ट पर ही अचेत होकर गिर पड़े। साथ खेल रहे डॉक्टर ने उन्हें बचाने के लिए तत्काल सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पस्तौर गली निवासी सुधीर गुप्ता रेलवे और नगर पालिका में निर्माण कार्यों के ठेकेदार थे। रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे वह स्टेडियम पहुंचे थे। साढ़े सात बजे जब वह अपने तीन साथियों के साथ मैच खेल रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। उनके साथ खेल रहे डॉ. प्रशांत परमार ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत 3 से 5 मिनट तक उन्हें सीपीआर दिया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।