चरखारी से अयोध्या धाम के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ गुरुवार को भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने किया। शुभारंभ के बाद विधायक खुद रोडवेज बस की ड्राइविंग सीट पर बैठे और करीब 800 मीटर तक बस चलाकर यात्रियों को नई सेवा की सौगात दी। बस चलाने के दौरान विधायक खिड़की से हाथ बाहर निकालकर "अयोध्या... अयोध्या..." कहकर यात्रियों को बस में बैठने के लिए आमंत्रित करते नजर आए। बस में मौजूद यात्रियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया।