जमीनी विवाद के चलते विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने के मामले मंगलवार की शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब गोविंद रैकवार का शव कस्बा मड़ावरा में पहुंचा तो आक्रोशित परिजन सहित भारी संख्या में लोगों ने शव को कस्बा में निरीक्षण भवन के पास सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर मड़ावरा थाना सहित आसपास के थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। मृतक के परिजनों की मांग है कि गोविंद के आत्महत्या करने के मामले में दर्ज किए गए मुकदमे के आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। वहीं सीओ राजेश श्रीवास्तव ने आक्रोशित लोगों को समझाया और आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित लोग व परिजन शव को लेकर चले गए। करीब एक घंटे तक यह प्रदर्शन किया। पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।