लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दोनों बदमाशों ने 15 नवंबर को दिनदहाड़े सिकंदराबाद में दवा व्यापारी को बंधक बनाकर उनकी दुकान और घर में लूटपाट की थी। पीड़ित व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से पुलिस इस घटना के खुलासे में लगी थी। नीमगांव थाना प्रभारी प्रवीर गौतम ने बताया कि पुलिस टीम ने बदमाशों की लोकेशन मिलने पर घेराबंदी की। सूचना पर फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस पार्टी पर बदमाशों ने फायरिंग की। जवाब में पुलिस की फायरिंग में थाना फरधान के कोढ़ैया निवासी मोहिब घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने मोहिब और उसके साथी गोरिया निवासी तालिब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तालिब से पूछताछ कर रही है।