लखीमपुर खीरी जिले में दो दिन से लगातार बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से जिले में अब बाढ़ के हालात बनने लगे हैं। बिजुआ ब्लॉक के गांव बझेड़ा में शारदा नदी का पानी घुस गया है। पिछले दो दिन से हो रही बारिश के चलते शारदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे गांव के पास बने बांध के ऊपर बाढ़ का पानी फिर नदी में जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बांध किसी भी समय कट सकता है। मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके चलते बचाव कार्य भी बाधित हैं। गांव में बाढ़ का पानी घुसने से घरों में रखा गृहस्थी का सामान राशन आदि भीग गया है।