लखीमपुर खीरी में ज्येष्ठ माह के आखिरी बड़े मंगल को हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई। जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भक्तों ने बजरंगबली के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया। डीआईओएस कार्यालय परिसर में बने हनुमान मंदिर में माता अंजनी की गोद में बालरूप में हनुमान की मूर्ति के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ सुबह से ही नजर आई। लखीमपुर के सदर चौराहा हनूमान मंदिर, वीरबाबा राजापुर, विकास भवन के सामने, गुलरीपुरवा ओयल, वीरबाबा गुलरीपुरवा जैसे प्रमुख हनुमान मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। आखिरी मंगल होने के कारण श्रद्धालुओं में अधिक उत्साह नजर आया। हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, और सुंदरकांड का पाठ मंदिरों और घरों में गूंजता रहा।