लखीमपुर खीरी में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में गूंजते जयकारों, भजन-कीर्तन और घंटों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं और राहगीरों को शरबत, शीतल जल, पूड़ी-सब्जी, कढ़ी-चावल, छोला-चावल तथा हलुआ-चना का प्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने उत्साह के साथ भंडारों में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इसी क्रम में बीएसए कार्यालय परिसर में बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण तिवारी की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। यहां कर्मचारियों, अधिकारियों और आम लोगों ने बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण किया।