लखीमपुर खीरी के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में महादेव कफारा पुल के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कफारा की ओर जा रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार सात वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
बेहननपुरवा, धौरहरा निवासी जकी (22) पुत्र जमाल अहमद अपनी सात वर्षीय बहन अलसफा पुत्री जमाल अहमद के साथ बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही वह कफारा गांव के बाहर महादेव कफारा पुल के पास पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अलसफा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जकी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी धौरहरा भिजवाया। वहीं बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।