जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। समीक्षा के दौरान बांसी नदी के पुनरुद्धार कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने पर शून्य प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि माह मई तक कार्ययोजना के अनुसार सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाएं। इसी क्रम में हिरण्यवती नदी की साफ-सफाई एवं पुनरुद्धार कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।